शंकर महादेवन की सुरमयी शाम ने ‘पिनाक 2025’ को बना दिया ऐतिहासिक, देव भूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय में म्यूजिक और जोश का महा संगम

देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय में चल रहे चार दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ‘पिनाक 2025’ के तीसरे दिन का आयोजन एक ऐतिहासिक और अविस्मरणीय संगीत संध्या में तब्दील हो गया, जब मंच पर पहुंचे देश के जाने-माने गायक, संगीतकार और पद्मश्री से सम्मानित शंकर महादेवन। उनकी लाइव परफॉर्मेंस ने न सिर्फ विश्वविद्यालय परिसर, बल्कि हर एक दर्शक के दिल में संगीत की एक अमिट छाप छोड़ दी।

कार्यक्रम की शुरुआत जैसे ही “मेरे मन ये बता दे तू…” जैसे गीत से हुई, पूरा ऑडिटोरियम तालियों और उत्साह से गूंज उठा। इसके बाद उन्होंने “दिल धड़कने दो”, “मस्ती की पाठशाला”, “सिंह इज किंग” और “कल्ला रे कल्ला” जैसे सुपरहिट गानों की झड़ी लगाकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। पर जैसे ही उन्होंने अपना मशहूर गाना “ब्रेथलेस” बिना रुके गाया, उस पल की ऊर्जा और रोमांच ने हजारों छात्रों, शिक्षकों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि एक अद्वितीय अनुभव बन गया जिसने शंकर महादेवन की कलात्मकता और जीवंतता को फिर से सिद्ध कर दिया।

इस भव्य आयोजन की गरिमा को विश्वविद्यालय के अध्यक्ष श्री संजय बंसल, उपाध्यक्ष श्री अमन बंसल, सहायक उपाध्यक्ष श्रीमती नैंसी बंसल, कुलपति डॉ. आर. के. त्रिपाठी और आयोजन संयोजक डॉ. दिग्विजय सिंह की उपस्थिति ने और भी ऊँचाइयों तक पहुंचाया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। अध्यक्ष श्री संजय बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि “हम मानते हैं कि शैक्षणिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विकास भी विद्यार्थियों की समग्र प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। पिनाक जैसे आयोजन छात्रों को आत्म-अभिव्यक्ति, नेतृत्व और आत्मविश्वास का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।”

‘पिनाक 2025’ केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं बल्कि देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय की उस समृद्ध परंपरा का प्रतीक है, जहां विविधता में एकता के रंग बिखरते हैं। 19 मई को हुए उद्घाटन समारोह में छात्रों की गायन, नृत्य और रैंप वॉक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया था। ‘मिस्टर और मिस पिनाक’ जैसे आयोजनों ने छात्रों में आत्मविश्वास को बढ़ावा दिया। 20 मई को आयोजित भावनात्मक फेयरवेल ‘दस्विदानिया’ ने अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई दी और अब 22 मई को बॉलीवुड के उभरते हुए गायक देव नेगी के प्रदर्शन के साथ पिनाक 2025 का भव्य समापन होने जा रहा है।

शंकर महादेवन की संगीतमय प्रस्तुति न सिर्फ एक मनोरंजन था, बल्कि यह हर उस युवा के लिए प्रेरणा बन गई, जो अपने सपनों को सुर देना चाहता है। पिनाक 2025 की यह संध्या वर्षों तक स्मृतियों में जीवित रहेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *